नए साल के जश्न के बीच राजधानी दिल्ली में 20 साल की लड़की को करीब 4 किमी तक सड़क पर घसीटने के मामले में दिल्ली पुलिस की थ्योरी सवालों के घेरे में आ गई है। पुलिस का कहना है कि ये जानलेवा एक्सीडेंट है, लेकिन परिवार वाले इसे मर्डर कह रहे हैं। पीड़ित की मां का कहना है कि वह बहुत सारे कपड़े पहने थी, लेकिन जब उसकी बॉडी मिली तो वह पूरी तरह नेकेड थी। एक भी कपड़ा नहीं था। ये कैसा एक्सीडेंट है?
दरअसल, दिल्ली के कंझावला इलाके में 31 दिसंबर को कार सवार 5 युवकों ने 20 साल की एक युवती को टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवक कार लेकर भागने लगे। लड़की कार के नीचे फंसी रही और करीब 4 किलोमीटर तक सड़क पर घिसटती रही। पुलिस के मुताबिक, उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पांचों युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। इन्हें आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
घिसटने से हड्डियां टूटीं, मांस निकल आया
जो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं। उनमें कार के नीचे युवती को घिसटते देखा जा सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चार किमी तक युवती कार में फंसी रही। घसीटे जाने की वजह से युवती की पीठ और सिर की हड्डियां बुरी तरह से घिस गईं। मांस निकल गया। दोनों पैर की हड्डियां भी टूट गईं, जिससे उसकी बेहद दर्दनाक मौत हुई। कपड़े फट गए। जब उसकी लाश मिली तो उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं बचा।
सबसे पहले देखिए... दौड़ती कार के नीचे कैसे फंसी रही लड़की
यह घटना सुल्तानपुर से कंझावला इलाके की है। जो सीसीटीवी फुटेज सामने आए हैं।
इस मामले में 3 बड़े अपडेट
- सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि लड़की के गुनाहगारों को सख्त से सख्त सजा मिलना चाहिए। हमारी बहन के साथ जो हुआ बहन शर्मनाक है।
- पीड़ित लड़की के पोस्टमार्टम करने के लिए तीन सदस्यीय बोर्ड बनाया गया।
- पांचों आरोपी युवकों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
चश्मदीद का दावा- कार का बेगमपुर तक पीछा किया
एक चश्मदीद दीपक ने दावा किया कि पीसीआर वैन को हादसे के बारे में बताने पर भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। दीपक नाम के इस व्यक्ति ने इंडिया टुडे को बताया कि वह सुबह सवा तीन बजे दूध की डिलीवरी का इंतजार कर रहा था, तभी उसने कार को महिला को घसीटते हुए देखा। दीपक बेगमपुर तक बलेनो कार के पीछे गया। पुलिस ने सुबह 5 बजे तक कार्रवाई नहीं की इस बीच दीपक ने पुलिस को फोन किया, लेकिन सुबह 5 बजे तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पीसीआर वैन की पुलिस होश में नहीं थी, इसलिए उन्होंने एक्शन लेने में इंटरेस्ट नहीं लिया।
अब जानते हैं पीड़ित लड़की कौन थी
यह फोटो रेखा की है। एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करती थी।।
पीड़ित लड़की का नाम रेखा है। वह अमन विहार में रहती है। परिवार में मां और दो भाई और चार बहने हैं। वह अकेली कमाने वाली थी और एक इवेंट मैनेजमेंट कंपनी में काम करती थी। न्यू ईयर पर एक इवेंट में काम के लिए घर से निकली थी। ऐसा बताया कि शनिवार-रविवार की रात वह ऐसे ही एक फंक्शन से लौट रही थी। वह स्कूटी से अपने घर जा रही थी। उसी दौरान आरोपी पांचों युवक भी अपनी कार बेलेनो से उसी रास्ते पर थे।
परिवार पुलिस की जांच से संतुष्ट नहीं, कहा- निर्भया जैसा केस
परिवार ने कहा- यह रेप के बाद मर्डर का मामला है। उसके कपड़े ऐसे ही नहीं फट सकते है। जब वह मिली, उसके शरीर पर एक भी कपड़ा नहीं था। हम चाहते हैं कि इस मामले की पूरी जांच हो। पीड़ित लड़की के मामा प्रेम सिंह ने कहा कि यह केस निर्भया जैसा है। हम न्याय चाहते हैं। इस मामले में निष्पक्ष जांच हो।
युवती की मां ने कहा- मेरी बेटी मेरे लिए सब कुछ थी। वह कल पंजाबी बाग में काम करने गई थी। वह शाम करीब साढ़े पांच बजे घर से निकली और कहा कि वह रात 10 बजे तक लौट आएगी। मुझे सुबह उसकी दुर्घटना के बारे में बताया गया था लेकिन अब तक मैंने उसका शव नहीं देखा।
5 आरोपी इसी कार में सवार थे। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है।
कार में फंसने के बाद युवती की स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
पुलिस का दावा- यह सिर्फ हादसा है
DCP हरेन्द्र सिंह ने बताया कि कंझावला इलाका रोहिणी जिले का है। वहां एक कॉल आई थी, जिसमें बताया गया था कि एक कार से एक आदमी लटका हुआ है और खिंचा जा रहा है। इस पर वहां की पुलिस ने वेरिफाई किया तो कार का नंबर मिल गया। इसके बाद कार सवारों को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पता चला कि सुल्तानपुर इलाके में एक स्कूटी से एक्सीडेंट हुआ था। इसमें युवती कार के साथ खिंचती चली गई। ये पूरा मामला एक्सीडेंट का है। हदासे से लड़की की बॉडी क्षतविक्षत हो गई। लहूलुहान हो गई। मीडिया में ये खबर फैलाई गई कि यह सेक्शुअल असाल्ट और मर्डर है। यह बिलकुल गलत है।
आरोपियों का मेडिकल टेस्ट होगा
पुलिस ने पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। कार को भी कब्जे में ले लिया है। आरोपियों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों का मेडिकल टेस्ट कराया जा रहा है, जिससे पता चले कि क्या वह नशे में थे।
LG बोले- मेरा सिर शर्म से झुक गया
इस घटना पर दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने ट्वीट किया- इस अपराध पर मेरा सिर शर्म से झुक गया है और मैं अपराधियों की राक्षसी संवेदनहीनता से स्तब्ध हूं। सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया है। पीड़ित के परिवार को हर संभव मदद की जाएगी। वह पुलिस आयुक्त दिल्ली के साथ इस मामले की निगरानी कर रहे हैं।
स्वाती मालीवाल ने कहा- सच सामने आना चाहिए
इस मामले पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाती मालीवाल ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा- दिल्ली के कंझावला में एक लड़की की नग्न अवस्था में लाश मिली, बताया जा रहा है कि कुछ लड़कों ने नशे की हालत में गाड़ी से उसकी स्कूटी को टक्कर मारी और उसे कई किलोमीटर तक घसीटा। ये मामला बेहद भयानक है, मैं दिल्ली पुलिस को हाजिरी समन जारी कर रही हूँ। पूरा सच सामने आना चाहिए। इसके साथ ही उन्होंने न्यू ईयर को लेकर दिल्ली पुलिस की तैयारियों पर भी सवाल उठाए हैं।
सड़क हादसों से जुड़ी अन्य खबरें यहां पढ़ें...
ऋषभ पंत की कार का एक्सीडेंट हुआ, अस्पताल ने कहा- पंत पहले से बेहतर हैं
सड़क दुर्घटना में घायल 25 साल के क्रिकेटर ऋषभ पंत पहले से बेहतर हैं। मैक्स अस्पताल ने शुक्रवार शाम मेडिकल बुलेटिन जारी कर इसकी जानकारी दी। अस्पताल ने बताया- पंत की ब्रेन और स्पाइन MRI रिपोर्ट नॉर्मल आई है। शुक्रवार को उनके चेहरे की प्लास्टिक सर्जरी हुई है। दर्द-सूजन के कारण पंत के घुटने और टखने की MRI टाल दी गई है। ये दोनों जांच शनिवार को होंगी। पढ़ें पूरी खबर...
PM मोदी के भाई की मर्सिडीज का एक्सीडेंट:प्रह्लाद मोदी समेत परिवार के 4 लोग घायल, पोते का पैर टूटा; कार का अगला हिस्सा चकनाचूर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भाई प्रह्लाद मोदी की मर्सिडीज कार का मंगलवार को कर्नाटक में एक्सीडेंट हो गया। हादसे में प्रह्लाद मोदी के पोते का पैर फ्रैक्चर हो गया। वहीं, प्रह्लाद मोदी समेत परिवार के चार लोग घायल हो गए हैं। सभी को इलाज के लिए मैसूर के जे एस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पढ़ें पूरी खबर...